सात घंटे से भूखे ,प्यासे हालात खराब , मजदूरों ने बॉर्डर पर किया पथराव, जान बचाकर भागे अधिकारी

बड़वानी / गुरुवार प्रवासी मजदूरो का आना जारी वही महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश की सीमा से प्रदेश सहित अन्य राज्यों के प्रवासी मजदूरों को बसों से छोड़ने के दौरान गुरुवार को बसें कम पड़ गईं। इसके कारण मजदूरों ने तीन बार हंगामा कर दिया। इस दौरान मजदूरों ने चक्काजाम भी किया और पथराव भी कर दिया।
सीमा के निकट ग्राम गवाड़ी में रोके गए मजदूरों ने बस नहीं आने और सुबह से खाना नहीं मिलने पर दोपहर डेढ़ बजे के लगभग हाईवे पर चक्काजाम कर सीएम के खिलाफ नारे लगाए। मोके पर पहुचे एसडीएम घनश्याम धनगर भोजन के पैकेट लेकर पहुंचे। प्रदेश सीमा स्थित भंवरगढ़ में मजदूर सुबह से धूप में बैठ बसों का इंतजार कर रहे थे। परेशान मजदूरों ने दोपहर तीन बजे के लगभग हाईवे पर पत्थर जमाकर चक्काजाम कर पथराव कर दिया। पथराव किए जाने से पुलिस अधिकारी, कर्मियों सहित अधिकारियों को मौके से भागना पड़ा। बाद में सख्ती दिखाकर लोगों को हटाया गया। कलेक्टर अमित तोमर ने बताया कि बसों की कमी है। बसें बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।