सड़कों पर सज गईं गुलरियां, टाउनशिपों में पहुंचे होली के लिए गोकाष्ठ

ग्वालियर। 9 मार्च को होलिका दहन की तैयारियां शहरभर में दिखने लगी हैं। सड़कों पर गोपालकों ने गुलरियों की माला बनाकर उन्हें बेचने के लिए सजा दिया है। वहीं गोशालाओं से गोकाष्ठ (गोबर से बनी लकड़ियां) टाउनशिपों और कॉलोनियों में पहुंचना प्रारंभ हो गए हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी गांवों से कंडों को मंगाना प्रारंभ कर दिया है। वहीं सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी नईदुनिया के अभियान से जुड़कर शहरवासियों को जागरूक करने के लिए लगातार अपील की जा रही है।


पर्यावरण को बचाने एवं गायों को बढ़ावा देने के लिए नईदुनिया ने आओ जलाएं कंडों की होली अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत लोगों को जागरूक किया जा रहा है । साथ ही विभिन्न संस्थाओं और अधिकारियों ने इस अभियान से जुड़कर लोगों से अपील भी की जा रही है । वहीं इस अभियान से जुड़कर डीबी सिटी, सत्यम रेसीडेंसी, केशरबाग अपार्टमेंट, सनवैली में नगर निगम की लालटिपारा गोशाला से गोकाष्ठ होलिका दहन के लिए मंगा लिए हैं। वहीं दूसरी ओर शहर की सड़कों पर गोपालकों ने गूलरी बनाकर उनकी माला बनाकर बेचने के लिए सजा दी हैं। मैथलीशरण गुप्त चौराहा, नाका चंद्रवदनी आदि क्षेत्रों में गुलरी ठेलों पर सज चुकी हैं। वहीं जिन स्थानों पर गोपालक हैं उन्होंने भी हजारों की संख्या में कंडे बना कर होली पर बेचने की तैयारी कर ली है।


 

कंडों की होली जलाना ही सर्वश्रेष्ठ है, इसलिए वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान के सभी सदस्य अपने-अपने घरों में कंडों की होली जलाएंगे । साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी कंडों की होली जलाने के लिए पे्ररित कर रहे हैं।


भूपेन्द्र जैन


संस्थापक वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान


कंडों की होली को जलाने के लिए सभी लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। साथ ही हम भी अपने-अपने घरों में कंडों की होली ही जलाएंगे।


 

एमडीपी फाउण्डेशन


गगन जाधव व स्वेता पाटिल


नईदुनिया के अभियान से जुड़कर कंडों की होली जलाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही लोगों से व्यक्तिगत संपर्क करके उन्हें कंडों की होली जलाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।


नूतन श्रीवास्तव


स्वामी विवेकानंद सेवा समिति