मप्र के पचमढ़ी में आर्मी कैंप से हथियार चुराने वाला बर्खास्त सैनिक होशियारपुर के अस्पताल से फरार



 

होशियारपुर / मध्यप्रदेश के पचमढ़ी आर्मी कैंप से इंसास राइफल और कारतूस चुराने वाला सेना का बर्खास्त जवान हरप्रीत सिंह मंगलवार तड़के पंजाब पुलिस को चकमा देकर जिला अस्पताल से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरा मामला संदिग्ध बताया जा रहा है। आरोपी होशंगाबाद के सेना शिक्षा केंद्र से 5 दिसंबर 2019 को दो इंसास राइफल और कारतूस चुराने के मामले में पकड़ा गया था। 


अस्पताल में भर्ती हरप्रीत पर निगाह रखने के लिए चार होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई थी। इसमें से दो ड्यूटी पर नहीं थे। पुलिस का कहना है कि मंगलवार तड़के 4 बजे हरप्रीत सिंह ने होमगार्ड के जवान को बाथरूम जाने के लिए कहा। एक जवान उसके साथ गया। हरप्रीत उसे धक्का मारकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही होशियारपुर एसपी परमिंद्र, डीएसपी सिटी जगदीश अत्री, एसएचओ मॉडल टाउन विक्रमजीत मौके पर पहुंचे। पुलिस चारों होमगार्ड से पूछताछ कर रही है। एसपी परमिंद्र का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। आसपास के इलाकों में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया।



क्या है पूरा मामला


हरप्रीत हथियार चुराने से पहले आर्मी कैंप से लापता था। उसने 2017-18 के दौरान एक साल तक पचमढ़ी के सेना शिक्षा केंद्र में ट्रेनिंग ली थी। 5 दिसंबर को वह एक साथी को लेकर पचमढ़ी पहुंचा। यहां गार्डों को झांसे में लेकर उसने दो इंसास रायफल और कारतूस चोरी कर लिए। उसकी पहचान मटकुली के ढाबे और पिपरिया में एटीएम लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई थी। टवेरा के ड्राइवर ने भी चोरों के पंजाबी या हरियाणवी होने की शंका जताई थी। घटना के 5 दिन बाद पंजाब पुलिस ने होशियारपुर के पास मियाणी में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पंजाब पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। इसके बाद होशियारपुर जेल भेज दिया गया था।



Popular posts
कुख्यात गुर्जर गैंग का 5 हजार का इनामी डकैत हथियार सहित गिरफ्तार
Image
MP पुलिस के जांबाज अफसर ओर एनकाउंटर स्पेशलिस्ट मोहिंदर कंवर परिणय सूत्र में बंधे
Image
जौरासी आतरी तिराहे के पास लगे जंगल के ऊपर किसी अज्ञात की लाश
Image
दतिया में 1101 कलशों को लेकर निकली भव्य शोभा यात्रा
ग्वालियर। ग्वालियर में तीन मंजिला एक मकान में भीषण आग लगने से सात लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलसे लोगों का इलाज चल रहा है। फायर बिग्रेड आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहा है। घटनास्थल पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, नगर निगम कमिश्नर सहित प्रशासन के आला अधिकारी और राजनेता भी पहुंच गए। घटना इंदरगंज थाने से महज 100 मीट की दूरी पर हुई। आग कैसे लगी इसकी जानकारी नहीं मिली है।  जानकारी के मुताबिक ग्वालियर के इंदरगंज चैराहे पर रोशनी घर मोड़ पर तीन मंजिला मकान में गोयल परिवार रहता है। हरिमोहन, जगमोहन, लल्ला तीनों भाई की फैमिली रहती है जिसमें कुल 16 लोग शामिल हैं। इस मकान में एक पेंट की दुकान भी है जिसमें आधी रात को भीषण आग लग गई। दुकान की ऊपरी मंजिल में बने मकान में परिवार आग की लपटों में फंस गया।  देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मामले की जानकरी मिलते ही फायर ब्रिगेड अमला मौके पर पहुंच गया और आग में फंसे परिवार को बचाने लगा। लेकिन तब तक सात लोगों की जिंदा जलकर मौत हो चुकी थी। एडिशनल एसपी ने सात लोगों की मृत्यु की पुष्टि की है। सुबह मौके पर सांसद विवेक शेजवलकर, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, चेम्बर अध्यक्ष विजय आदि भी पहुंचे। इस भीषण अग्निकांड की घटना में मृत लोगों के नाम इस प्रकार हैं - 1. आराध्या पुत्री सुमित गोयल उम्र 4 साल 2. आर्यन पुत्र साकेत गोयल उम्र 10 साल 3. शुभी पुत्री श्याम गोयल उम्र 13 साल 4. आरती पत्नी श्याम गोयल उम्र 37 साल 5. शकुंतला पत्नी जय किशन गोयल उम्र 60 साल 6. प्रियंका पत्नी साकेत गोयल उम्र 33 साल 7. मधु पत्नी हरिओम गोयल उम्र 55 साल 
Image