हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों को 5 लाख की मदद देगी सपा

; अखिलेश यादव ने लखनऊ से की शुरुआत



लखनऊ / नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में बीते दिसंबर में हुई हिंसा में मारे गए लोगों के परिवार या मृतक आश्रितों को समाजवादी पार्टी ने पांच लाख रूपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया है। इसकी शुरुआत रविवार को लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने की। वे पार्टी नेताओं के साथ ऑटो चालक वकील अहमद के घर पहुंचे और पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी। इस दौरान अखिलेश ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर संवेदना जताई और परिवार को हर संभव मदद एवं हर समय साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।


अखिलेश यादव ने कहा कि मैं परिवार से मिलने आया था। मुलाकात रोकने के लिए पुलिस न जाने कितनी पुलिस लगा देती है। सीएए को लेकर पूरा देश आंदोलन कर रहा है। हर नागरिक इसके खिलाफ है। सरकार उन्हें अपनी बात कहने नहीं दे रही है। हम उन लोगों के दुख में शामिल होना चाहते हैं, लेकिन सरकार ऐसा नहीं चाहती है। अखिलेश ने कहा कि इसलिए हमारी मांग है इस परिवार की मदद सरकार करे। समाजवादी पार्टी हर संभव मदद करेगी।






 


672 लोग इस बारे में बात कर रहे हैं


 






लखनऊ में प्रदर्शनकारियों ने छतों से पत्थरबाजी की थी 




लखनऊ में मदेयगंज, खदरा और ठाकुरगंज में 19 दिसम्बर को हिंसक प्रदर्शन हुआ था। खदरा में प्रदर्शनकारियों ने छतों से पुलिस पर पथराव किया था। मदेयगंज में भीड़ की ओर से भी फायरिंग हुई थी। पुलिस ने जवाब में हवाई फायरिंग की और आंसू गैस के गोले दागे गए थे। भीड़ ने गलियों से निकलकर बार-बार पथराव किया था। मदेयगंज पुलिस चौकी के बाहर खड़ी तीन बाइकों को भी उपद्रवियों ने फूंक दिया था। इस दौरान एक ऑटो चालक वकील अहमद की गोली लगने से मौत हो गई थी।