, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
भाजपा रैली के बाद यहां मार्च भी करेगा, जो आजाद मैदान से होता हुआ चौपाटी तक जाएगा
दोपहर दो बजे इंकलाब मोर्चा निकाला जाएगा, इसमें कई छोटे संगठन शामिल होंगे
मुंबई / नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ और समर्थन में आज मुंबई के आजाद मैदान में दो प्रदर्शन होने जा रहे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। यही नहीं आजाद मैदान की ओर आने वाला ट्रैफिक पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। सीएए और एनआरसी के विरोध में इंकलाब मोर्चा निकाला जाएगा, वहीं इसके समर्थन में पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
दोपहर दो बजे इंकलाब मोर्चा निकाला जाएगा। इसमें जामिया मिलिया इस्लामिया, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज, आईआईटी बॉम्बे और मुंबई विश्वविद्यालय के छात्रों, आम नागरिकों की भागीदारी दिखेगी। इसके अलावा ज्वाइंट एक्शन कमेटी फॉर सोशल जस्टिस की ओर से सीएए के विरोध में रोड मार्च निकाला जाएगा। यह रानी बाग से लेकर सीएसएमटी स्टेशन के पास तक जाएगा। हालांकि, मुंबई पुलिस ने इस रूट पर मार्च करने की अनुमति अभी तक नहीं दी है। आयोजकों का कहना है कि मुंबई पुलिस ने रैली के दौरान हिंसा भड़कने का हवाला देते हुए उन्हें अनुमति नहीं दी है। पूर्व जेएनयू छात्र उमर खालिद, उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बी जी कोलसे पाटिल और अभिनेत्री स्वरा भास्कर इस रैली में भाग ले सकते हैं।
समर्थन में रैली करेगी भाजपा
शाम चार बजे आज अगस्त क्रांति मैदान संविधान सम्मान मंच की ओर से नागरिकता संशोधन एक्ट के समर्थन में सभा का आयोजन किया गया है। इसमें भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस भी शामिल होंगे। रैली के बाद यहां एक रोड मार्च भी निकाला जाएगा जो आजाद मैदान से होता हुआ चौपाटी तक जाएगा।