न्यूज चैनल पर वीडियो चलाने की धमकी दे डॉक्टर से 1 करोड़ मांग रहा था पत्रकार

, गिरफ्तार





ब्लैकमेलिंग के आरोपी गुरदर्शन सिंह संधू की प्रोफाइल पिक्चर।





अक्टूबर में फरीदकोट में एक अस्पताल चला रहे डॉक्टर गर्ग ने दी थी पुलिस को शिकायत


यूरोप के टूर पर गए हुए थे तो पीछे से एक अन्य डॉक्टर से लिंग निर्धारण करवा वीडियो बना लिया था गुरदर्शन संधू ने


 

फरीदकोट / फरीदकोट पुलिस ने ब्लैकमेलिंग के एक केस में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वह फिरोजपुर में दो नामी समाचार समूहों (एक न्यूज चैनल और एक वेबसाइट) के लिए काम करता रहा है। आरोप है कि फरीदकोट के एक डॉक्टर को वीडियो न्यूज चैनल पर चलाने का डर दिखा 1 करोड़ रुपए की डिमांड कर रहा था। इस संबंध में अक्टूबर में डॉक्टर ने पुलिस में केस दर्ज कराया था। तभी से यह शख्स फरार चल रहा था और अब मोगा के एक गांव से पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया।


पुलिस के मुताबिक अक्टूबर में फरीदकोट में एक अस्पताल चला रहे डॉक्टर गर्ग ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि कुछ समय पहले अपने परिवार के साथ यूरोप के टूर पर गए हुए थे। इस बीच पत्रकार गुरदर्शन संधू ने उनके अस्पताल की एक महिला कर्मचारी और उसके एक साथी के साथ मिलकर उनके अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन पर लिंग निर्धारण का टेस्ट करवा वीडियो बना लिया। जब वह यूरोप से वापस आए तो गुरदर्शन संधू ने उनको वीडियो के बल ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। डॉक्टर का आरोप है कि पत्रकार गुरुदर्शन संधू धमकाते हुए करोड़ रुपए की मांग करने लगा। एक करोड़ न देने की सूरत में उसने यह वीडियो न्यूज चैनल और वेबसाइट पर चलवा देगा। साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकियां भी देनी शुरू कर दी।


डीएसपी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि इस शिकायत के बाद पुलिस ने पत्रकार गुरदर्शन संधू को मुख्य आरोपी बनाते हुए उसके खिलाफ और अस्पताल की महिला कर्मचारी व उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। एक आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस पहले से ही कर चुकी थी। वहीं पत्रकार गुरदर्शन संधू मामला दर्ज होने के बाद से ही फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।