बिना सबको साथ लिए अर्थव्यवस्था नहीं चलाई जा सकती, भाई को भाई से लड़ाकर देश का फायदा नहीं

: राहुल गांधी







राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में संबोधित करते सांसद राहुल गांधी।















 







छत्तीसगढ़ में पहली बार हो रहे तीन दिवसीय राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में पहुंचे राहुल गांधी, दीप प्रज्जवलन कर किया शुभारंभ 


मुख्यमंत्री बघेल ने राहुल गांधी को पहनाई माड़िया सींग, साइंस कॉलेज मैदान में हो रहा है नृत्य महोत्सव का आयोजन


25 राज्य और केंद्र शासित राज्यों के साथ ही 6 देशों के करीब 1350 से अधिक कलाकार हो रहे हैं महोत्सव में शामिल


 

रायपुर / छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार से शुरू हुए राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शिरकत करने के लिए पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने बिना किसी का नाम लिए केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि बिना सबको लिए हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था को नहीं चलाया जा सकता है। भाई से भाई को लड़ाकर देश को फायदा नहीं है। सबको साथ लेकर ही चलना होगा। उन्होंने केंद्र में कांग्रेस की सरकार नहीं होने को लेकर इशारों ही इशारों में कहा कि जब इस देश की आवाज लोकसभा, विधानसभा मे नहीं सुनाई देगी, कितना भी जोर लगा लो व्यवस्था बदल नही पाएगी।



साइंस कॉलेज मैदान में शुरू हुए तीन दिवसीय नृत्य महोत्सव में राहुल गांधी ने कहा कि देश की हालत, किसानों की समस्या, आत्महत्या, अर्थव्यवस्था की हालत, बेरोजगारी की हालत आप जानते हो, दोहराने की जरूरत नहीं है। छत्तीसगढ़ की सरकार आपके साथ मिलकर काम कर रही है। जो पहले यहां हिंसा हुआ करती थी, उसमें कमी आई है। यह सरकार लोगों की आवाज सुनती है। विधानसभा में सबकी आवाज सुनाई देती है। सरकार चलाने में आपके विचारों को शामिल किया जा रहा है। तेंदुपत्ता, सुपोषण, जमीन वापसी को लेकर सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यहां दूर-दूर से आदिवासी भाई आए हैं। यह पहला कदम है, बहुत अच्छा कदम है।


आदिवासियों के सामने देश में बहुत समस्याएं हैं। मैं एक बात कहना चाहता बिना सबको लिए हर धर्म, जाती, आदिवासी, दलितों को लिए बिना हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था नहीं चलाई जा सकती। जब तक इस देश को जोड़ेंगे नहीं, यह देश आगे नहीं बढ़ेगा। मैं हर भाषण में कहता हूं कि अर्थव्यवस्था को आदिवासी-किसान चलाते हैं। अगर आप पूरा पैसा कुछ लोगों को दे दोगे, नोटबंदी करोगे, गलत जीएसटी लागू करोगे तो अर्थव्यवस्था नहीं चल सकती है। 


दंतेवाड़ा में बीपीएल परिवारों को 4 साल में इससे निकालना सरकार का संकल्प : मुख्यमंत्री


मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि दंतेवाड़ा में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे लोगों को 4 सालों में इससे बाहर निकालेंगे। इसको लेकर सरकार की ओर से संकल्प लेता हूं। राष्ट्रीय गरीबी रेखा के औसत से भी उन्हें ऊपर लाया जाएगा। इस दौरान छत्तीसगढ़ सरकार की योजना नरवा, गरवा, बारी से संबंधित चिन्ह भी राहुल गांधी को भेंट किए गए। म्यूरल आर्ट के अलावा गोबर से तैयार राहुल गांधी का नेम प्लेट और गोबर के दिए भी उन्हें भेंट स्वरूप दिए गए। 


39 जनजातियों के कलाकारों के दल 43 से अधिक नृत्य शैलियों में प्रस्तुति देंगे


इससे पहले आदिवासी कला और संस्कृति के रंग में सजे राष्ट्रीय आदिवासी महोत्सव का आगाज हुआ। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने माड़िया गौड़ सींग पहनाकर राहुल गांधी का स्वागत किया। छत्तीसगढ़ में पहली बार राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसने अब अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव का रूप ले लिया है। तीन दिवसीय इस नृत्य महोत्सव में देश के 25 राज्य और केंद्र शासित राज्यों के साथ ही 6 देशों के करीब 1350 से अधिक कलाकार अपनी जनजातीय कला संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे।


इस महोत्सव में 39 जनजातीय प्रतिभागी दल 4 विभिन्न विधाओं में 43 से अधिक अपनी नृत्य शैलियों का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव में भारतीय राज्यों के अलावा बांग्लादेश, श्रीलंका, थाईलैंड, यूगांडा, बेलारूस और मालदीव के कलाकार भी शामिल हो रहे हैं। प्रदेश के संस्कृति विभाग द्वारा जारी प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार महोत्सव के प्रथम दिन की शुरुआत विवाह और  अन्य संस्कार, पारंपरिक त्यौहार व अनुष्ठान, फसल कटाई व कृषि और अन्य पारंपरिक विधाओं पर नृत्य प्रतियोगिताएं होंगी। असम के कलाकारों द्वारा बागरूंगा नृत्य प्रस्तुत की जाएगी। तेलंगाना के कलाकारों द्वारा कोया नृत्य, झारखण्ड के कलाकारों द्वारा छाऊ नृत्य, ओड़िसा के कलाकारों द्वारा सिंगारी नृत्य और गुजरात के कलाकरों द्वारा सिद्दी नृत्य प्रस्तुत की जाएगी।



Popular posts
शादीशुदा BF संग भागी प्रेमिका, प्रेमी की पत्नी नही मानी तो प्रेमी पर दर्ज कराया RAPE का मामला
Image
उत्कृष्ट विद्यालय मुरार में नन्हे नन्हे हाथों ने उकेरी रंगोलियां
Image
ग्वालियर। ग्वालियर में तीन मंजिला एक मकान में भीषण आग लगने से सात लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलसे लोगों का इलाज चल रहा है। फायर बिग्रेड आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहा है। घटनास्थल पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, नगर निगम कमिश्नर सहित प्रशासन के आला अधिकारी और राजनेता भी पहुंच गए। घटना इंदरगंज थाने से महज 100 मीट की दूरी पर हुई। आग कैसे लगी इसकी जानकारी नहीं मिली है।  जानकारी के मुताबिक ग्वालियर के इंदरगंज चैराहे पर रोशनी घर मोड़ पर तीन मंजिला मकान में गोयल परिवार रहता है। हरिमोहन, जगमोहन, लल्ला तीनों भाई की फैमिली रहती है जिसमें कुल 16 लोग शामिल हैं। इस मकान में एक पेंट की दुकान भी है जिसमें आधी रात को भीषण आग लग गई। दुकान की ऊपरी मंजिल में बने मकान में परिवार आग की लपटों में फंस गया।  देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मामले की जानकरी मिलते ही फायर ब्रिगेड अमला मौके पर पहुंच गया और आग में फंसे परिवार को बचाने लगा। लेकिन तब तक सात लोगों की जिंदा जलकर मौत हो चुकी थी। एडिशनल एसपी ने सात लोगों की मृत्यु की पुष्टि की है। सुबह मौके पर सांसद विवेक शेजवलकर, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, चेम्बर अध्यक्ष विजय आदि भी पहुंचे। इस भीषण अग्निकांड की घटना में मृत लोगों के नाम इस प्रकार हैं - 1. आराध्या पुत्री सुमित गोयल उम्र 4 साल 2. आर्यन पुत्र साकेत गोयल उम्र 10 साल 3. शुभी पुत्री श्याम गोयल उम्र 13 साल 4. आरती पत्नी श्याम गोयल उम्र 37 साल 5. शकुंतला पत्नी जय किशन गोयल उम्र 60 साल 6. प्रियंका पत्नी साकेत गोयल उम्र 33 साल 7. मधु पत्नी हरिओम गोयल उम्र 55 साल 
Image
ग्रीन जॉन में चल रही दतिया पलायन कर आये मजदूरों से हुई कोरोना संक्रमित 
Image
संत श्री 1008 बैदेही बल्लभ शरण महाराज का हुआ अभिनंदन