शेयर बाजार / मंगलवार को गिरावट का रुख रहा। सेंसेक्स 181 अंकों की गिरावट के साथ 41,461 पर बंद हुआ। निफ्टी में 51 अंकों की नरमी रही और यह 12,211 पर रहा। इससे पहले सुबह 10.10 बजे सेंसेक्स 3 अंकों की गिरावट के साथ 41,638 पर रहा, वहीं निफ्टी में 0.35 अंक की गिरावट रही और यह 12,262 पर रहा। इससे पहले प्री-ओपनिंग में सकारात्मक रुख नजर आया। सुबह 9.10 बजे सेंसेक्स 41 अंकों की तेजी के साथ 41,684 पर रहा, वहीं निफ्टी में 7 अंकों की तेजी के साथ 12,270 पर ट्रेडिंग हुई। इससे पहले लगातार चार सत्रों में रिकॉर्ड बढ़त दर्ज करने के बाद सोमवार को शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। दिन के आखिरी में सेंसेक्स 38.88 अंकों की गिरावट के साथ 41,642.66 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी में 9.05 अंकों की गिरावट रही और यह 12,262.75 के स्तर पर बंद हुआ था।
सोमवार को सेंसेक्स पैक में नेस्ले इंडिया के शेयरों में सबसे ज्यादा 2.20 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 1.78 फीसदी की गिरावट आई। अन्य स्टॉक्स में SBI, टेक महिंद्रा, ITC और महिंद्रा एंड महिंद्रा भी गिरावट के साथ बंद हुए। मारुति सुजुकी, हीरो मोटोकॉर्प, कोटक बैंक, बजाज ऑटो और बजाज फाइनेंस के शेयरों में बढ़त रही।
इसी तरह सोमवार को सरकार द्वारा रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) की हिस्सेदारी बेचने की योजना पर आपत्ति जताने के बाद कंपनी के शेयरों में दो फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई। इसके चलते एक ही दिन में कंपनी के बाजार पूंजीकरण में 17,990 करोड़ रुपए की गिरावट आई। सोमवार को बीएसई में कंपनी के शेयर 1.78 फीसदी की गिरावट के साथ 1,571 रुपए प्रति शेयर के भाव पर बिके। एनएसई में कंपनी के शेयरों को 1.76 परसेंट की गिरावट का सामना करना पड़ा। यहां यह 1,570.95 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बंद हुए।