पेयजल व सफाई को लेकर महिलाओं ने खोला मोर्चा

कोरबा । कुसमुंडा क्षेत्र की आदर्श नगर कॉलोनी में पानी समेत अन्य समस्याओं को लेकर महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। सिविल अधिकारी कार्यालय पहुंच कर समस्याएं गिनाते हुए निराकरण की मांग की। इस पर अफसरों ने महिलाओं के साथ कॉलोनी परिसर का निरीक्षण कर आश्वस्त किया कि जल्द ही साफ-सफाई कराने के साथ अन्य समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। मेगा प्रोजेक्ट की अग्रसर एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में कार्यरत कर्मचारी के परिवारों का काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। शिकायत के बाद भी प्रबंधन ने कोई सकारात्मक पहल नहीं की। इससे कॉलोनी में निवासरत कर्मचारी व उनके परिवार में नाराजगी व्याप्त है। गुरुवार को कॉलोनी में व्याप्त समस्याओं को लेकर प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए महिलाएं सीजीएम कार्यालय पहुंच गईं। सिविल अधिकारी एस थंगाराज से उनके कक्ष में महिलाओं ने चर्चा कर समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में पानी की समस्या के अलावा क्वार्टरों में डिसेंट हाउसिंग के दौरान किए गए आधे-अधूरे काम को पूरा कराया जाए, इसके साथ ही आवास के पीछे पड़ा मलबा को हटाया जाए। महिलाओं ने टूटी-फूटी नालियों के रिपेयरिंग, कई जगहों पर बरसों से जाम नालियों में साफ-सफाई की मांग, कॉलोनी में कई जगह जर्जर सड़क की रिपेयरिंग की समस्याएं गिनाई। पानी की समस्या लेकर महिलाओं ने कहा कि आदर्श नगर कॉलोनी में समय पर पानी नहीं आता, कभी पंप चोरी, कभी केबल चोरी का रोना रोया जाता है। दो-दो दिन पानी की किल्लत से लोग जूझते रहते हैं। एसईसीएल का खुद का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट होने के बाद भी कई बार गंदा व कीड़ायुक्त पानी सप्लाई होता है। महिलाओं का आक्रोश देख अफसरों की एक टीम ने कॉलोनी में महिलाओं के साथ जायजा लिया। इस दौरान कई जगह समस्याएं दिखाई दी। इस पर अफसरों ने आश्वस्त किया कि जल्द ही सभी समस्या का निदान कराया जाएगा। महिलाओं ने अधिकारियों को आगाह किया कि अगर इस बार कार्य नहीं किया गया, तो सड़क उतरकर आंदोलन करेंगी। इस दौरान आदर्श नगर की उमा सोनवानी, आशा साहू, मंजू निराला, रोशनी आदिले, नीलू सिंह, मधु साहू, आशा कांची, दिव्यरानी, उषा वारे, सुशीला नेताम, पिंकी प्रजापती सहित अनेक महिलाएं शामिल रहीं।