आयकर कार्रवाई में सामने आई दो फर्म की 2.80 करोड़ रुपए की अघोषित आय, देना होगा 2.16 करोड़ का टैक्स

बुरहानपुर / आयकर विभाग की 24 घंटे चली जांच में शहर की दो फर्म में 2 करोड़ 80 लाख रुपए की अघोषित आय सामने आई है। दोनों फर्म ने माना है कि आयकर का अपवंचन किया गया है। ऐसे में उन्हें अघोषित आय का 77.25 फीसदी टैक्स देना होगा।बुधवार को 4 जिलों के आयकर अफसरों ने आलमगंज स्थित कपड़ा फैक्ट्री हनुमान प्रोसेस और लालबाग के अक्षय ज्वेलर्स पर दबिश दी थी। बुरहानपुर सहित खंडवा, खरगोन और बड़वानी के अफसरों के दो दल 24 घंटे जांच में जुटे रहे। अक्षय ज्वेलर्स पर गुरुवार तक जांच-पड़ताल चलती रही। जोड़ लगाने पर यहां से 70 लाख रुपए की अघोषित आय सामने आई। सराफा कारोबारी ने माना भी कि अपवंचन के उद्देश्य से आयकर सार्वजनिक नहीं कर पाए। उन्हें 77.25 फीसदी टैक्स चुकाने को कहा है। यानी अघोषित आय में से उन्हें 54 लाख 7 हजार 500 रुपए टैक्स देना होगा। हनुमान प्रोसेस में 2 करोड़ 10 लाख रुपए की अघोषित आय सामने आई। उद्योगपति ने अघोषित आय को सरेंडर भी कर दिया है। 77.25% के हिसाब से उन्हें 1 करोड़ 62 लाख 22 हजार 500 रुपए टैक्स देना होगा।


शहर में 31 मार्च से पहले और होगा सर्वे
31 मार्च से पहले शहर के और भी कारोबारी व उद्योगपतियों के प्रतिष्ठानों पर आयकर सर्वे के संकेत मिले हैं। क्योंकि पिछले साल से इस बार 15 प्रतिशत कम अग्रिम कर मिला है। आयकर विभाग 15 मार्च तक इंतजार करेगा। जिनका अग्रिम कर जमा नहीं होगा, ऐसे कारोबारियों व उद्योगपतियों के प्रतिष्ठानों की जांच हो सकती है।