8 साल की बालिका से दुष्कर्म का प्रयास करने वाला युवक गिरफ्तार, जेल भेजा

बुरहानपुर / लालबाग के शिवाजी नगर में 8 साल की बालिका को निर्वस्त्र कर दुष्कर्म का प्रयास करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। बुधवार को शिवाजी नगर में 40 वर्षीय रवि मराठे ने बालिका को जबरन घर में बुलाकर उसे निर्वस्त्र कर दिया था। बालिका के चिल्लाने पर आसपास के लोग जमा हो गए थे और रवि की जमकर पिटाई कर दी थी। तब रवि वहां से भाग गया था। लालबाग थाना प्रभारी विक्रमसिंह बामनिया ने बताया रवि को शुक्रवार शाम उसके घर से गिरफ्तार किया है। उसने बालिका के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया था। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। रवि पेशे से ड्राइवर है। शिवाजी नगर में वह पांच साल पहले ही रहने आया है। इसके पहले परिवार सहित मिल एरिया में रहता था। आसपास के लोगों ने बताया रवि धार्मिक प्रवृत्ति का है। धार्मिक आयोजनों में जाना, भजन सुनना उसे पसंद है। कभी किसी से छेड़छाड़, नशा करने या असामाजिक तत्वों से संबंध जैसी बात उसमें नहीं थी। उसके घर में माता-पिता, भाई-भाभी और भतीजा-भतीजी है। उसने ऐसा क्यों किया, यह आसपास के लोग भी समझ नहीं पा रहे हैं।