देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्से में ठंड का कहर जारी

सब ठंडा है,





तस्वीर लेह स्थित सिंधु नदी की है। यहां जमी हुई सिंधु पर आइस हॉकी खेली जा रही है।





रिकॉर्ड में: दिल्ली में 100 साल में दूसरी बार दिसंबर इतना सर्द, तापमान 1.7 डिग्री पहुंचा


देश में: द्रास में सबसे कम माइनस 28 डिग्री पहुंचा तापमान, लेह में सिंधु नदी जम गई


राज्यों में: 15 राज्यों में तापमान 5 डिग्री से कम, राजस्थान के 4 शहरों में पारा शून्य से नीचे


सिक्किम में: नाथू-ला दर्रे के पास बर्फबारी में फंसे 1700 पर्यटकों को सेना ने निकाला


 

नई दिल्ली/जयपुर/लखनऊ /  देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्से में ठंड का कहर जारी है। राजस्थान के 5 शहरों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया। पंजाब, हरियाणा, बिहार, मध्यप्रदेश, यूपी समेत कई राज्यों में शीतलहर चल रही है। दिल्ली में शनिवार सुबह तापमान न्यूनतम 2.4 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में यह सदी का दूसरे सबसे सर्द दिसंबर है। इससे पहले 1996 में 2.3 डिग्री तापमान रहा था। इससे भी पहले अब तक का सबसे कम तापमान 1901 में रहा था। लद्दाख के द्रास में पारा माइनस 28.6 और लेह में 19.1 डिग्री दर्ज किया गया।


राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में पारा माइनस 4 डिग्री और माउंट आबू में माइनस 1.5 डिग्री पर पहुंच गया। यूपी के मेरठ में सबसे कम 1.7 डिग्री तापमान रहा। हरियाणा में सबसे कम 0.2 डिग्री हिसार का तापमान रहा। मध्य प्रदेश के मंडला में सबसे कम 1 डिग्री और भोपाल में पारा 5.3 डिग्री दर्ज हुआ है। हिमाचल के केलॉन्ग में माइनस 11.5 डिग्री रहा। उत्तराखंड के केदारनाथ और बद्रीनाथ बर्फ से ढके हैं। पिथौरागढ़ में पारा .5 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में 1997 के बाद पहली बार लगातार 11वें दिन भीषण ठंड पड़ी है। 15 राज्यों में तापमान 5 डिग्री से कम दर्ज किया गया है। देश भर में दिसंबर की शुरुआत से अब तक 7 सीवियर कोल्ड-डे और 8 कोल्ड-डे रिकॉर्ड हो चुके हैं।


असर:194 ट्रेनें लेट चल रहीं, 71 के रूट बदले, 66 रद्द हुईं


देशभर में 194 ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि 71 ट्रेनों के रूट डायवर्ट करने पड़े हैं। इनमें दुरंतो, राजधानी समेत कई सुपरफास्ट ट्रेनें हैं। 66 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। कोहरे से ही 11 ट्रेनों का समय बदला गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर कम दृश्यता के कारण 4 उड़ानों की दिशा बदली गई। वहीं, स्पाइसजेट ने यात्रा एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि दिल्ली, पटना, गुवाहाटी, वाराणसी और ग्वालियर में खराब मौसम के कारण उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। 20 दिसंबर से अब तक 750 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई, 19 रद्द कर दी गईं। वहीं, सेना ने सिक्किम में नाथू-ला दर्रे के पास फंसे 1700 लोगों को निकाला।


आगे क्या: बिहार के 38 जिलों में येलो वॉर्निंग, दिल्ली में बारिश


दिल्ली में गिरते तापमान और शीतलहर के कारण मौसम विभाग ने रेड वॉर्निंग जारी की है। 31 दिसंबर से दिल्ली-एनसीआर में बारिश का भी अलर्ट है।


बिहार में पटना समेत 38 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ के 15 जिलों में अगले 48 घंटों में शीतलहर की चेतावनी दी गई है। 


 हरियाणा-पंजाब में शीतलहर के साथ पाला पड़ने का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में 1 और 2 जनवरी को बर्फबारी होगी, इससे उत्तर में ठंड और बढ़ेगी। मध्य प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र और यूपी में हल्की बारिश और ओले पड़ सकते हैं।