शनिवार शाम को विभिन्न थाना क्षेत्रों में अलग-अलग समय में दी गई थी छूट
जबलपुर / जबलपुर में स्थितियां सामान्य होने से कर्फ्यू में आज सात घंटे की सशर्त छूट प्रदान की गयी है। यह छूट शहर के चारों थाना क्षेत्र में दोपहर 1 बजे से शाम 8 बजे तक प्रदान की गयी है। इसके साथ ही मोबाइल और इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गयी है।
सीएए का विरोध करने एकत्र हुए लोगों ने पुलिस कर्मियों पर पथराव कर दिया था। पत्थर फेकने वालों में 7 से 14 साल के बच्चे भी शामिल थे,जो सबसे आगे थे। आधा दर्जन इलाकों में पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच हिसक भिड़ंत हुई थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े थे। ऐहतियात के तौर पर हनुमानताल तथा गोहलपुर थाना क्षेत्र के सम्पूर्ण इलाको में तथा कोतवाली एवं आधारताल थानान्तर्गत आंशिक क्षेत्र में कर्फ्यू लागू कर दिया गया था।
जिला प्रशासन ने शनिवार को संयुक्त बैठक आयोजित कर आधारताल तथा हनुमानताल थाने में दोपहर तीन बजे से साढ़े चार बजे तक तथा गोहलपुर व कोतवाली थाने में शाम साढे चार बजे से छह बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गयी थी। इस दौरान किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना घटित नहीं हुई। शुक्रवार की शाम से बंद की गयी मोबाइल फोन नेट सेवा आज पूर्वान्ह 11 बजे से पुन: शुरू कर दी गयी।
जिला कलेक्टर भरत यादव ने बताया कि स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है। स्थिति को देखते हुए आज दोपहर 1 बजे से रात्रि आठ बजे तक चारों थाना क्षेत्र में कर्फ्यू में छूट प्रदान की गयी है। सुरक्षा की दृष्टि से 18 वर्ष के कम उम्र के बच्चों को कर्फ्यू की ढील में शामिल नहीं किया गया है, इस दौरान धारा 144 प्रचलन में रहेगी।