खंडवा / जेएनयू के छात्रों के समर्थन में खड़ी रहने वाली अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की फिल्म छपाक को पहले दिन के पहले शो में दर्शक नहीं मिल पाए। कुछ संगठनों द्वारा फिल्म के बायकाट किए जाने की धमकी के बाद दर्शक सिनेमाघर तक नहीं पहुंच पाए। हालांकि सिनेमाघर के मैनेजर का तर्क है सुबह ठंड ज्यादा थी, इसलिए लोग घरों से नहीं निकले होंगे। वही हंगामे की आशंका में सुबह से मोघट पुलिस सिनेमाघर परिसर में तैनात रही।
पंधाना रोड स्थित सिनेमा के मैनेजर ने बताया सुबह 10 बजे का पहला शो था। इसके लिए एक भी दर्शक नहीं मिला। इसके बाद 3.30 और 6.30 बजे दर्शक सिनेमाघर तक पहुंचे, लेकिन इनकी संख्या कम ही थी। सिनेमाघर में क्रमश: 25-25 दर्शक मिले। जबकि एक अन्य फिल्म को देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इसके सभी शो चालू रहे। हंगामे की आशंका के चलते मोघट टीआई मोहन सिंगोरे बल के साथ सिनेमाघर पहुंच गए थे।